इतिहास के पन्नों में 12 जुलाई: इस दिन मिताली राज ने आईसीसी में जीता था बड़ा खिताब

- महिला एकदिवसीय क्रिकेट में 7,000 से अधिक रन बनाया था
इतिहास में 12 जुलाई का दिन कई महत्वपूर्ण घटनाओं के लिए जाना जाता है। खेल जगत, विशेषकर क्रिकेट के इतिहास में भी यह तारीख बेहद खास है। 12 जुलाई, 2017 को भारत की पूर्व दिग्गज महिला क्रिकेटर मिताली राज ने महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया था। उन्होंने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले के दौरान महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया था। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व दिग्गज शार्लट एडवर्ड्स के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था।
मिताली ने अपने शानदार करियर में भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और लंबे समय तक भारतीय महिला टीम की कप्तानी भी की। उनकी निरंतरता, तकनीक और शांत स्वभाव ने उन्हें दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल किया। वह महिला एकदिवसीय क्रिकेट में 7,000 से अधिक रन बनाने वाली न सिर्फ पहली खिलाड़ी भी बनीं बल्कि वह इस आकड़े तक पहुंचने वाली एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं।
महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड उन्हीं के नाम है। उन्होंने अपने शानदार करियर में 232 मैचों की 211 पारियों में 50.68 की औसत से कुल 7,805 रन बनाए हैं, जिसमें 7 शतक और 64 अर्धशतक शामिल हैं। उनके बाद वेस्टइंडीज खिलाड़ी स्टेफनी टेलर 177 मैचों में 6134 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। तीसरे नंबर पर इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स का नाम है, जिनके 191 मैचों में 5992 रन हैं।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1673 – नीदरलैंड और डेनमार्क के बीच रक्षा संधि पर हस्ताक्षर हुए।
1690 – विलियम ऑफ ऑरेंज के नेतृत्व में प्रोटेस्टेंटों ने रोमन कैथोलिक सेना को पराजित किया।
1801 – अल्जीसिरास की लड़ाई में ब्रिटेन ने फ्रांस और स्पेन को पराजित किया।
1823 – भारत में निर्मित प्रथम वाष्प इंजन युक्त जहाज ‘डायना’ का कोलकाता में जलावतरण।
1862 – अमेरिकी कांग्रेस ने मेडल ऑफ ऑनर को प्राधिकृत किया।
1912 – ‘क्वीन एलिजाबेथ’ अमेरिका में प्रदर्शित होने वाली पहली विदेशी फिल्म बनी।
1918 – टोकायाम की खाड़ी में जापानी युद्धपोत में विस्फोट में 500 लोगों की मौत।
1935 – बेल्जियम ने तत्कालीन सोवियत संघ को मान्यता दी।
1960 – भागलपुर और रांची यूनिवर्सिटी की स्थापना।
1970 – अलकनंदा नदी में आई भीषण बाढ़ ने 600 लोगों की जान ली।
1997 – नोबल पुरस्कार से सम्मानित मलाला युसुफजई का पाकिस्तान में जन्म।
1998 – फ्रांस और ब्राजील के बीच हुए फुटबॉल विश्वकप के फाइनल को कुल 1.7 अरब लोगों ने देखा।
2001 – अगरतला से ढाका के बीच ‘मैत्री’ बस सेवा की शुरुआत।
2005 – मशहूर क्रिकेट अंपायर डेविड शेफर्ड ने संन्यास लिया।
2015 – सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को हराकर अपना तीसरा विंबलडन खिताब जीता था।
जन्म
1895 – दुर्गा प्रसाद खत्री – हिन्दी के प्रसिद्ध उपन्यास लेखकों में से एक थे
1909 – बिमल राय – भारतीय फिल्म निर्देशक थे।
1920 – वाईवी चंद्रचूड़ – भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश।
1954 – सुलक्षणा पंडित – भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री थीं।
1982 – अचंत शरत कमल – भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी।
मृत्यु
1999 – राजेंद्र कुमार – हिन्दी फिल्मों के प्रसिद्ध सदाबहार अभिनेता थे।
2002 – घनश्यामभाई ओझा – गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री थे।
2012 – दारा सिंह – विश्व प्रसिद्ध पहलवान और हिन्दी फिल्मों के अभिनेता थे।
2013 – प्राण – हिंदी सिनेमा के दिग्गद अभिनेता थे।



