Sports

एशियाई खेल 2026: पाकिस्तान से हारी भारतीय वॉलीबॉल टीम

भारत ने पहले सेट के शुरुआती चरण में पाकिस्तान को कड़ी चुनौती दी, लेकिन बीच में लगातार पांच अंक गंवाने के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण हासिल कर लिया और 25-19 से सेट अपने नाम किया।

दूसरे सेट में भारत ने 19-16 की बढ़त बनाकर वापसी की उम्मीद जगाई, लेकिन निर्णायक समय पर हुई गलतियों का फायदा पाकिस्तान ने उठाया और 25-23 से सेट जीतकर बढ़त 2-0 कर ली।

इसके बाद तीसरे सेट में भारत वापसी नहीं कर सका और पाकिस्तान ने 25-18 से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल अपने नाम कर लिया।

इससे पहले दिन में भारत ने पुरुष सेपक टकरॉ में वियतनाम को ग्रुप ए के क्वाड्रेंट मुकाबले में 2-0 से हराकर पदक पक्का किया। यह भारत की लगातार दूसरी जीत थी और इसके साथ टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।

कुश्ती में मानसी ने महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में कजाकिस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को 6-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

59 किग्रा वर्ग की पूर्व विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता मानसी ने मुकाबले में शुरू से दबदबा बनाए रखा। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना दक्षिण कोरिया की जो सु-बीन से होगा।

जूडो में यामिनी मौर्या ने महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में कतर की फातिना बु-काहूस को इप्पोन से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अंतिम आठ में उनका सामना मंगोलिया की अरिउनजाया तेरबिश से होगा।

तीरंदाजी और ताइक्वांडो में भारत को निराशा हाथ लगी। कंपाउंड महिला व्यक्तिगत क्वार्टर फाइनल में चिकिता तनीपार्थी को इंडोनेशिया की नुरिसा दियान अशरिफा ने 144-143 से हराया। वहीं रूपा बायोर महिला व्यक्तिगत पूमसे सेमीफाइनल में 15वें स्थान पर रहकर बाहर हो गईं।

साइकिलिंग में हर्षवीर सिंह सेखों पुरुष ओम्नियम की पहली रेस में 10वें स्थान पर रहे। उनके खाते में 22 अंक हैं और तीन रेस बाकी हैं।

भारत ने 60 पदकों के साथ एशियाई खेलों के 12वें दिन की शुरुआत की थी। इनमें 10 स्वर्ण, 21 रजत और 29 कांस्य पदक शामिल थे। भारतीय टीम पदक तालिका में आठवें स्थान पर थी।

Related Articles

Back to top button