chhattisgarh
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 34 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

बीजापुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। एक बार फिर बड़ी संख्या में नक्सलियों ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों के समक्ष 34 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें से 25 नक्सलियों पर कुल 84 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बीजापुर जिला के पुलिस अधीक्षक डॉ.जितेन्द्र यादव ने बताया कि सरकार की महत्वपूर्ण योजना पूना मारगेम और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर आज 34 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित नक्सलियों में 7 महिलाएं और 27 पुरुष शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पांच नक्सलियों पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था जबकि तीन नक्सलियों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा दस नक्सलियों पर दो-दो लाख और सात नक्सलियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम रखा गया था। इनमें केरलापाल एरिया कमेटी, पीएलजीए और मिलिशिया के सदस्य और कमांडर शामिल हैं। आत्मसमर्पण की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में डीआरजी , जिला बल, एसटीएस , कोबरा,सीआरपीएफ बलों का विशेष योगदान रहा है।



