chhattisgarh

छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के जवान ने खुद को गोली मार की आत्महत्या

रायपुर। खैरागढ़ जिले के छूईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली।

मृत जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी था।

घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने की है। उन्होंने बताया कि यह दर्दनाक घटना आज (सोमवार) शाम लगभग साढ़े पांच बजे की है। गोली की तेज आवाज से पूरे परिसर में हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई ।

गोली की आवाज सुनकर गठन स्थल पर पहुंचे साथी जवानों ने उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय पुलिस और सीएएफ के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद से राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ स्थित कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए सीएएफ के जवान तैनात हैं।

बताया गया है कि कृपाचंद सोनवानी रविवार को ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घरेलू या निजी कारणों के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

हालांकि मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट या अन्य ठोस सुराग बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button