ज्वैलरी दुकान में चोरी करने वाला आरोपित गिरफ्तार, चांदी के जेवर समेत सामान बरामद

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चांदी के जेवरात और अन्य सामान बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर शनिवार को जेल भेज दिया है।
बलरामपुर पुलिस से प्राप्त विज्ञप्ति के अनुसार, कुसमी थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 06/2026 के अनुसार कन्हैयाजी रोड निवासी विनोद सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 04 मार्च को होली के कारण दिन में दुकान बंद थी। 05 मार्च की सुबह दुकान पहुंचने पर पता चला कि अज्ञात चोर ने रात में दुकान का शटर और ताला तोड़कर अंदर घुसकर चांदी और अन्य जेवरात चोरी कर लिए।
दुकान की जांच करने पर पता चला कि 8 जोड़ी चांदी की पायल, एक ब्रेसलेट, एक चांदी की चैन, एक चांदी का कड़ा, एक जोड़ी पुराना सोने का आभूषण (रास), तीन गिल्ट की हसुली, तीन गिल्ट की चेन तथा चार कंचन थाली चोरी कर ली गई है। शिकायत पर थाना कुसमी में धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर बकसपुर निवासी गाजेश्वर उर्फ छोटू पैकरा (22) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।
उसके कब्जे से 5 कांसे की थाली, 5 कांसे की प्लेट, 1 कांसे का कटोरा, 1 हसुली, 1 चांदी का ब्रेसलेट, 1 चांदी की चैन, 2 जोड़ी चांदी की पायल तथा 5 जोड़ी गिल्ट के कान के टॉप्स बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



