तेंदूपत्ता बूटाकटाई कार्यशाला मानपुर में आयोजित

मानपुर में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा जिला लघु वनोपज संघ द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2026 की तैयारियों के तहत वृहद तेंदूपत्ता शाख कर्तन बूटाकटाई प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इससे पूर्व प्रथम कार्यशाला 26 फरवरी 2026 को मोहला तहसील में सफलतापूर्वक संपन्न हुई थी। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि बसंत ऋतु में तेंदूपत्ता संग्रहण से पूर्व वैज्ञानिक पद्धति से शाख कर्तन करना अनिवार्य है। सही ऊंचाई और तकनीक से कटाई करने पर उच्च गुणवत्ता के पत्ते प्राप्त होते हैं, जिससे संग्राहकों को बेहतर पारिश्रमिक मिलता है।
वनमण्डलाधिकारी मोहला ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत दो वर्षों से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के लगभग 36 हजार संग्राहक परिवारों द्वारा प्रतिवर्ष 56 हजार मानक बोरा से अधिक तेंदूपत्ता का संग्रहण किया गया है। संग्राहकों के खातों में ऑनलाइन माध्यम से प्रतिवर्ष 31 करोड़ रुपये से अधिक राशि का भुगतान किया गया है। साथ ही वर्ष 2025 में संग्राहक परिवारों की महिला मुखिया को चरण पादुका भी प्रदान की गई है।
कार्यशाला में उप वनमण्डलाधिकारी मानपुर श्री सुरेश पिपरे ने वन क्षेत्रों एवं आसपास आग न लगाने तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण करने पर जोर दिया। जिला उप प्रबंध संचालक श्री योगेंद्र गांडेचा ने 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से बूटाकटाई पूर्ण करने और प्रत्येक संग्राहक परिवार द्वारा न्यूनतम 500 गड्डी तेंदूपत्ता संग्रहण सुनिश्चित करने का आग्रह कियाए ताकि सभी परिवारों को लघु वनोपज संघ की बीमा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिल सके।
उत्तर मानपुर परिक्षेत्र अधिकारी श्री पंचराम ठाकुर ने शाख कर्तन की सही ऊंचाई एवं समय की विस्तृत जानकारी देते हुए पूर्व वर्षों में लगी आग से तेंदूपत्ता की गुणवत्ता पर पड़े प्रतिकूल प्रभावों का उल्लेख किया। उन्होंने गर्मी के मौसम में जंगल को आग से बचाने हेतु वन अमले और ग्रामीणों से संयुक्त प्रयास करने की अपील की। कार्यशाला में वनमण्डलाधिकारी मोहला, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुशीला भंडारी, उप वनमण्डलाधिकारी मानपुर, उप प्रबंध संचालक राजनांदगांव, वन सभापति मानपुर श्री बिदे नरेटी, वन विभाग के परिक्षेत्र अधिकारीए डिप्टी रेंज ऑफिसरए बीट रेंज ऑफिसर लघु वनोपज समिति प्रबंधकए फंड मुंशी सहित 320 से अधिक संग्राहक उपस्थित रहे।



