पनकाेटा में प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के पनकाेटा गांव में बीती देर रात एक प्रेमी जाेड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आज गुरुवार सुबह दोनों शवों का पंचनामा कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पेंड्रा थाना से मिली जानकारी के अनुसार शादी में हो रही देरी से हताश प्रेमी-प्रेमिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
बस बात इतनी थी कि लड़के की कम उम्र होने की वजह से घर वालों ने शादी के लिए रुकने को कहा था। पनकोटा गांव की कृष्णा भैना (18 साल) का अनिता भैना (21 वर्ष) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाह रहे थे, इसके लिए इन्होंने अरपा महोत्सव के दौरान होने वाले सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन कराने की कोशिश की, लेकिन लड़के की उम्र कम होने की वजह से पंजीयन नहीं हो पाने से शादी नहीं हो पाई।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि दोनों लड़के-लड़की गांव में ही एक घर में बीते तीन महीने से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। शादी नहीं होने पाने की वजह से दोनों हताश हो गए, जिस पर परिजनों ने समझाया कि उम्र हो जाने पर दोनों की शादी करा दी जाएगी, लेकिन परिजनों की बात पर भी दोनों की हताशा कम नहीं हुई।
बीती रात पहले लड़की ने घर में फांसी लगा ली। लड़के ने लड़की को ही फांसी से उतारा और परिजनों को बात बताई। लेकिन इसके बाद रात में ही उसने घर के बाहर नीलगिरी के पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर झूल गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



