Business

फाइनेंस मिनिस्ट्री में शुरू हुई हलवा सेरेमनी, बजट की अंतिम तैयारियों का प्रतीक

नई दिल्ली। केंद्रीय बजट पेश होने से पहले वित्त मंत्रालय में हर साल की तरह इस बार भी हलवा सेरेमनी का आयोजन किया गया। यह समारोह नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में केंद्रीय वित्त मंत्री की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, हलवा सेरेमनी बजट तैयार करने की अंतिम प्रक्रिया और छपाई की शुरुआत का प्रतीक है। समारोह में बजट तैयार करने में लगे कर्मचारियों और अधिकारियों को सम्मानित किया जाता है, जो संसद में बजट पेश होने तक परिवार और बाहरी दुनिया से संपर्क नहीं कर सकते।

इस दौरान नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में पूरी गोपनीयता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जाते हैं। अधिकारियों के मोबाइल फोन और अन्य संचार साधनों पर प्रतिबंध रहता है, सीसीटीवी और जैमर से निगरानी की जाती है और खुफिया एजेंसियों की 24×7 निगरानी सुनिश्चित की जाती है।

इतिहास के अनुसार, 1950 तक बजट दस्तावेज राष्ट्रपति भवन में छपते थे। हालांकि उस साल बजट लीक हो गया, जिसके बाद इसे मिंटो रोड और फिर स्थायी रूप से नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में स्थानांतरित कर दिया गया।

वित्त मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि हलवा सेरेमनी बजट तैयार होने के बाद अधिकारियों की मेहनत का जश्न है और इसे मीठा खाकर औपचारिक रूप से बजट की छपाई की शुरुआत का संकेत माना जाता है।

Related Articles

Back to top button