रायपुर। राजधानी में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ सरस्वती नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कोटा क्षेत्र के वाटिका नगर रोड के पास घेराबंदी कर आरोपियों को दोपहिया वाहन समेत पकड़ा। उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से
900 नग निट्रोसन (Nitrosun) टैबलेट, 77 शीशी ऑनरेक्स (ONEREX) सिरप और 4,200 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में इस्तेमाल
बुलेट वाहन क्रमांक CG 04 KS 8663 को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब
4 लाख रुपये बताई है।
ग्राहक की तलाश में थे आरोपी
पुलिस को
16 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि कोटा स्थित वाटिका नगर रोड के पास तीन व्यक्ति दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली दवाएं लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान
आर्यन खान उर्फ रूशान खान (23), सलमान खान (19) और शेख युसुफ (40) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान बोरियों से नशीली टैबलेट और सिरप बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन दवाओं की बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर
थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 201/26 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ
धारा 21(सी), 22(ग) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
सप्लायर और पूरे नेटवर्क की तलाश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से मिलती थी और इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर सप्लायर और बिक्री नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से नशीले पदार्थों की अवैध खरीदी-बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।