chhattisgarh

रायपुर में फिर लौटा कोरोना: 20 दिन में 4 नए केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में कोरोना संक्रमण ने एक बार फिर दस्तक दी है। पिछले 20 दिनों में शहर में कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। इनमें तीन मरीज इलाज के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि एक 70 वर्षीय मरीज का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

बुधवार को रायपुर के एक निजी अस्पताल में 70 वर्षीय बुजुर्ग के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उम्र अधिक होने के कारण मरीज को संक्रमण से गंभीर खतरा हो सकता है। इसे देखते हुए डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। अस्पताल में मरीज को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया जा रहा है।

तीन मरीज स्वस्थ, एक का इलाज जारी

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 20 दिनों में सामने आए चार संक्रमितों में से तीन मरीज समय पर उपचार मिलने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है। फिलहाल एक मरीज उपचाराधीन है।

प्रदेश में इन दिनों स्वाइन फ्लू के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसी बीच कोरोना के नए केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है। हालांकि फिलहाल संक्रमितों की संख्या सीमित है, लेकिन विभाग किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्कता बरत रहा है।

बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को सावधानी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिकारियों ने लोगों से कोरोना के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है।

सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।

Related Articles

Back to top button