लोहगढ़ ट्रैकिंग पर नया मोड़, सिया की मां बोलीं. जाने की जिद केतन कर रहे थे.मोबाइल में मौजूद हैं बातचीत के संदेश

नई दिल्ली। पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच के बीच अब नया मोड़ सामने आया है। इस बार दावा मुख्य आरोपी सिया गोयल की मां पूजा गोयल ने किया है। उनका कहना है कि लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए जाने की जिद उनकी बेटी ने नहीं, बल्कि केतन अग्रवाल ने की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस संबंध में दोनों के बीच हुई बातचीत के संदेश आज भी सिया के मोबाइल में मौजूद हैं।
पूजा गोयल के अनुसार, 18 जून को लोहगढ़ जाने से पहले सिया इस कार्यक्रम के पक्ष में नहीं थी। उन्होंने बताया कि सिया ने वीडियो कॉल पर अपनी होने वाली सास से भी कहा था कि ट्रैकिंग पर नहीं जाना चाहती, क्योंकि अगले दिन महाबलेश्वर जाने की योजना थी और थकान हो सकती थी। इसके बावजूद परिवार की ओर से उसे जाने के लिए कहा गया।
पुलिस की जांच अलग दिशा में
दूसरी ओर पुलिस अब भी इस मामले को सुनियोजित साजिश मान रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि घटना से एक दिन पहले सिया गोयल और चेतन चौधरी पुणे के एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर पूरी योजना पर चर्चा हुई थी। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और जांच जारी है।
दोस्ती की जानकारी थी, रिश्ते की नहीं
पूजा गोयल ने कहा कि उन्हें केवल इतना पता था कि सिया और चेतन एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की पहचान क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। उन्हें कभी यह आभास नहीं हुआ कि दोनों के बीच प्रेम संबंध हैं। उनका कहना है कि यदि ऐसा पता होता तो परिवार शादी की तैयारियां आगे नहीं बढ़ाता।
पिता बोले. दोषी हुई तो कड़ी सजा मिले
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने कहा कि केतन उनके परिवार के बेहद करीब थे और बेटे जैसे बन गए थे। उन्होंने कहा कि यदि जांच में उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे कानून के अनुसार सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। परिवार का कहना है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा। वहीं पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।



