वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होगी छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस, 1 नवंबर को दिल्ली में प्रदर्शन

रायपुर में संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाएंगी कार्यकर्ता
रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों के मुद्दे पर दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होगी। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में प्रदेश की महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगी। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रायपुर स्थित राजीव भवन में महिला कांग्रेस की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष और बालोद विधायक संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
31 अक्टूबर को इंदिरा गांधी को देंगी श्रद्धांजलि
महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि 31 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के श्रद्धांजलि स्थल पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। इसके बाद 1 नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगी।
संगठन के मुताबिक, इस कार्यक्रम के जरिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे। महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने आम जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
महिलाओं के मुद्दों पर भी बनी रणनीति
बैठक में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जारी रखने और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
ये पदाधिकारी रहीं मौजूद
बैठक में नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय, गंगा यादव, पूर्व महापौर प्रत्याशी दीप्ति दुबे, पार्षद एवं ब्लॉक अध्यक्ष अंजुमन ठेबर, डॉ. करुणा कुर्रे, सबा अली, संगीता दुबे, प्रगति बाजपेयी, हजरुन खान बानो, पूनम यादव, अंजना भट्टाचार्य, अनुसूइया राय, प्रमिला सोनवानी, भुवनेश्वरी डहेरिया, पुष्पलता वैष्णव, विंदुरानी प्रसाद, कल्पना सागर, शिल्पी तिवारी, अपर्णा फ्रांसिस और डिंपल खान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।



