Sports

शुभमन गिल 3,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बने

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर में 3,000 रन पूरे किए। श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे कोलंबो टेस्ट में भारत की पहली पारी के दौरान गिल ने अपना 7वां रन बनाते ही ये मुकाम हासिल किया। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से 3,000 रन पूरे करने वाले चौथे सबसे युवा बल्लेबाज बने।

गिल ने 26 साल और 349 दिन की उम्र में टेस्ट में 3,000 रन पूरे किए। भारत की ओर से उनसे कम उम्र में सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और दिलीप वेंगसरकर ने ये आंकड़ा छूआ था। तेंदुलकर ने 23 साल और 228 दिन की उम्र में, सहवाग ने 26 साल और 157 दिन और वेंगसरकर ने 26 साल और 263 दिन की उम्र में 3,000 टेस्ट रन पूरे किए थे। कप्तान बनने के बाद से ही गिल टेस्ट मैचों में लगातार रन बना रहे हैं। कप्तान बनने से पहले, इस युवा बल्लेबाज ने 32 टेस्ट मैचों में 35.05 की औसत से 1,893 रन बनाए थे। कप्तान के तौर पर खेले गए 10 टेस्ट मैचों में उन्होंने 75 से ज्यादा की शानदार औसत से 1,100+ रन बनाए हैं। वह बतौर कप्तान 6 शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं।

गिल ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 43 मुकाबले खेले हैं और इसकी 77 पारियों में लगभग 45 की औसत के साथ 3,000 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 11 शतक के अलावा 8 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 269 रन का रहा है। वह अपने टेस्ट करियर में 5 बार बिना खाता खोले भी पवेलियन लौटे हैं।

Related Articles

Back to top button