chhattisgarh

सराफा कारोबारी से 50 लाख की लूट: तीन दिन में दूसरी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारियों के लिए सुरक्षा का संकट लगातार बढ़ रहा है। शहर के सीपत थाना क्षेत्र में रमेश ज्वेलर्स से शुक्रवार देर शाम करीब 50 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी और कैश से भरे बैग की लूट हो गई। यह तीन दिन में सराफा कारोबारियों पर दूसरी बड़ी लूट की घटना है।

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विनय सोनी द्वारा संचालित रमेश ज्वेलर्स के शटर गिराने और दुकान बंद करने के समय यह घटना हुई। व्यापारी ने कैश और सोने-चांदी के जेवर तीन अलग-अलग बैग में रखा और शटर लगाते समय उन्हें जमीन पर रखा। तभी सीपत की ओर से तीन नकाबपोश युवक बाइक पर पहुंचे। एक युवक तेजी से बैग उठाकर बाइक पर बैठा और उसके दो साथी स्टार्ट करते बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई, जिससे व्यापारी और आसपास के लोग सकते में आ गए।

पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। सीपत टीआई राजेश मिश्रा, एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल और एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह समेत ACCU टीम मौके पर पहुंची। इलाके में नाकाबंदी की गई और CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। ग्रामीण इलाकों में कैमरे कम होने की वजह से जांच में चुनौती बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, बैग में 50 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी और थोड़ी बहुत नकदी थी। ग्रामीणों की मदद से अलग-अलग रूट पर आरोपियों का पीछा किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र के कुछ CCTV फुटेज भी मिल चुके हैं, लेकिन बाइक नंबर और लुटेरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है।

एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह ने कहा कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। वहीं, तीन दिन पहले ही सरकंडा के राजकिशोर नगर में सराफा व्यापारी से ₹3.35 करोड़ की लूट हुई थी, जिनका यूपी में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ था। लगातार लूट की घटनाओं से शहर में सराफा कारोबारियों में भय का माहौल है।

Related Articles

Back to top button