National

साइकिल चालक कांती दत्त ‘फिट इंडिया’ को बढ़ावा देने के लिए 750 किमी की यात्रा करेंगे

नयी दिल्ली. भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के फिटनेस एंबेसडर और साइकिल चालक कांती दत्त सरकार के प्रमुख ‘फिट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देने के लिए सात मार्च से साइकिल पर हैदराबाद से मुंबई तक 750 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। दत्त ‘अल्ट्रा एंड्योरेंस’ साइकिलिस्ट हैं और उन्होंने अपने पिता के निधन के बाद मानसिक रूप से फिट रहने के लिए यह खेल अपनाया। उनकी यह यात्रा 14 मार्च को समाप्त होगी। दत्त ने यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा, ”फिटनेस पर ध्यान देने से मैं केवल शारीरिक रूप से ही फिट नहीं बना, बल्कि इसने मुझे भावनात्मक रूप से फिट बनने में भी मदद की। इसने मुझे खुद को फिर से समझने में मदद की। मैं चाहता हूं कि लोग यही समझें कि यह केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं मानसिक स्वास्थ्य से भी जुड़ा हुआ है।” उन्होंने कहा, ”हैदराबाद से मुंबई तक का यह मेरा पहला दौरा है। मैं चाहता हूं कि यह किसी खास बात का प्रतीक बने। यह यात्रा उन सभी लोगों के लिए है जिन्होंने कभी असहाय या डरा हुआ महसूस किया हो। आप खुद को फिर से समझ सकते हैं। मैंने ऐसा किया।”

Related Articles

Back to top button