Business

सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय में 23 से राष्ट्रीय कार्यशाला, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स व ई-व्हीकल्स पर मंथन

सुपौल। सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय के विद्युत अभियंत्रण विभाग द्वारा 23 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक एक सप्ताह की राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। कार्यशाला का विषय है— “एम्पावरिंग द फ्यूचर: पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स एंड एनर्जी स्टोरेज सिस्टम्स”।

यह राष्ट्रीय कार्यशाला बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रायोजन से आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों एवं अन्य राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों से प्रख्यात प्रोफेसर, शोधकर्ता एवं विषय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं शिक्षकों को पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, विद्युत वाहनों की आधुनिक तकनीक, बैटरी प्रबंधन प्रणाली, चार्जिंग अवसंरचना तथा ऊर्जा भंडारण प्रणालियों के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध एवं औद्योगिक विकास से अवगत कराना है।

सप्ताह भर चलने वाले इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र, संवादात्मक चर्चा, प्रश्नोत्तर सत्र एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण शामिल होंगे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक हैं। कार्यशाला के संयोजक एवं समन्वयक के रूप में विद्युत अभियंत्रण विभागाध्यक्ष डॉ. राजा गांधी के नेतृत्व में विभाग के सहायक प्राध्यापक— अजय आनंद, प्रकाश कुमार, पंकज सिंह, अमृता, सूरज कुमार, मोहम्मद वारिश सेनन एवं ओम प्रकाश दुबे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

विशेष रूप से महाविद्यालय के डीन डॉ. चंदन कुमार का आयोजन में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन और समन्वय से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई तथा राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया। प्रशासनिक एवं शैक्षणिक समन्वय में उनकी प्रभावशाली भूमिका के कारण आयोजन उच्च स्तर पर संपन्न होने की उम्मीद है।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम से विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी ज्ञान प्राप्त होगा और उन्हें शोध, नवाचार तथा उद्योग से जुड़ने का अवसर मिलेगा। यह कार्यशाला संस्थान सहित पूरे क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button