स्वच्छता और हरियाली के लिए जनभागीदारी जरूरी : कलेक्टर बीएस उइके

गरियाबंद । कलेक्टर बीएस उइके ने ग्राम पंचायत डोंगरीगांव स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, जनपद पंचायत सीईओ नम्रता सिन्हा, जिला समन्वयक परवेज अली हनफी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कलेक्टर बीएस उइके ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। स्वच्छ वातावरण और हरित परिवेश के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पौधरोपण को जनभागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर ने ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को निर्देशित किया कि पौधरोपण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल भी सुनिश्चित की जाए, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी प्रभावी भूमिका निभा सकें। इस दौरान संकुल समन्वयक लता निषाद, ग्राम पंचायत डोंगरीगांव की सरपंच नगीता दीवान, सचिव शत्रुघ्न साहू तथा ग्रामीणों ने गांव को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।



