National

200 मीटर दूर थे दो विमान, टल गया बड़ा हादसा, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर Air India और IndiGo विमान आमने-सामने आए, समय रहते रोका गया

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बुधवार शाम एक बड़ा विमान हादसा टल गया। Air India और IndiGo के दो यात्री विमान एक ही Taxiway पर आमने-सामने आ गए। हालांकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल और क्रू की सतर्कता के चलते दोनों विमानों को समय रहते रोक लिया गया, जिससे किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, मुंबई जाने वाली IndiGo की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी में थी। इसी दौरान मुंबई से अहमदाबाद पहुंची Air India की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पार्किंग बे की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि पार्किंग क्षेत्र में जाते समय विमान गलत दिशा में मुड़ गया और उसी Taxiway पर पहुंच गया, जहां IndiGo का विमान मौजूद था।

सूत्रों के मुताबिक दोनों विमानों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी रह गई थी। स्थिति को देखते हुए दोनों विमानों की आवाजाही तुरंत रोक दी गई। बाद में Air India के विमान को विशेष वाहन की मदद से खींचकर सही पार्किंग बे तक पहुंचाया गया। इसके बाद IndiGo की फ्लाइट को रनवे तक भेजा गया।

Air India ने मानी गलती, जांच शुरू

Air India ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट AI-2493 लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान अनजाने में गलत दिशा में मुड़ गई थी। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित रही। घटना की जानकारी विमानन नियामक अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं IndiGo ने बताया कि उसकी फ्लाइट 6E-5160 मुंबई के लिए रवाना होने वाली थी। दूसरी एयरलाइन के विमान के गलत दिशा में आने के बाद दोनों विमानों को सुरक्षित दूरी पर रोक दिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद उड़ान सुरक्षित रूप से मुंबई पहुंच गई।

Airbus A320 कैटेगरी के थे दोनों विमान

बताया जा रहा है कि दोनों विमान Airbus A320 कैटेगरी के नैरो-बॉडी Aircraft थे। इस श्रेणी के विमानों में आमतौर पर 150 से 180 यात्री सफर कर सकते हैं। हालांकि घटना के समय दोनों विमानों में कितने यात्री मौजूद थे, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button