छत्तीसगढ़ किसान कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित: रामफल कौशिक और भरत वर्मा बने प्रदेश महासचिव, जहीर बाठिया को प्रदेश सचिव की अहम जिम्मेदारी

रायपुर। आगामी राजनीतिक चुनौतियों और जमीनी स्तर पर किसानों को लामबंद करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस ने अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद जारी इस बहुप्रतीक्षित सूची में कई नए और अनुभवी चेहरों पर दांव लगाया गया है। इस नई टीम में संगठन के कद्दावर नेताओं में शुमार रामफल कौशिक, भरत वर्मा और जहीर बाठिया को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपकर संगठन ने स्पष्ट संदेश दिया है।
इन तीन प्रमुख चेहरों पर जताया गया बड़ा भरोसा:
संगठन विस्तार में जिन चेहरों को सबसे ज्यादा तवज्जो दी गई है, उनमें रामफल कौशिक और भरत वर्मा का नाम प्रमुख है। पार्टी के प्रति इनकी निष्ठा को देखते हुए दोनों नेताओं को ‘प्रदेश महासचिव’ के महत्वपूर्ण पद से नवाजा गया है। वहीं, संगठन में अपनी सक्रियता के लिए पहचाने जाने वाले जहीर बाठिया पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने उन्हें ‘प्रदेश सचिव’ की अहम कमान सौंपी है। माना जा रहा है कि इन तीनों नेताओं की नियुक्ति से किसान कांग्रेस को ग्रामीण अंचलों में भारी मजबूती मिलेगी।
अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां:
प्रदेश किसान कांग्रेस द्वारा जारी इस आदेश के तहत:
जागेन्द्र पाण्डेय को प्रदेश संयोजक (किसान मितान एवं मनरेगा कार्यसमिति) बनाया गया है।
मोहम्मद अकिल हुसैन को प्रभारी महामंत्री (संगठन) के साथ बिलासपुर संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में दाऊलाल चन्द्राकर, नवीन उपाध्याय और मोहम्मद नरूल अमीन सिद्दकी की नियुक्ति की गई है।
संगठन का बड़ा विस्तार:
नई कार्यकारिणी में कुल 18 प्रदेश महासचिव और 12 प्रदेश सचिव नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के 12 जिलों (दुर्ग, कांकेर, बीजापुर, मोहला मानपुर, कोरबा ग्रामीण, कोरिया, बलौदाबाजार, सुकमा, नारायणपुर, गरियाबंद और सूरजपुर) में नए जिला अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है।
दिग्गज नेताओं की सहमति से जारी हुआ आदेश:
यह नियुक्ति आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। यह सूची किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा, राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट, पीसीसी चीफ दीपक बैज, और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की सहमति तथा राष्ट्रीय व प्रदेश प्रभारियों की अनुमति से जारी की गई है।
आदेश पत्र पर प्रदेश प्रभारी मनोज नचार, राममोहन बरूवा और छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा के हस्ताक्षर हैं। संगठन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से आशा व्यक्त की है कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेंगे।



