Business

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच कमजोरी का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से थोड़ी ही देर में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गए।

हालांकि कुछ देर बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इन दोनों सूचकांकों ने सुधर कर एक बार फिर हरे निशान में अपनी जगह बना ली। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.27 प्रतिशत और निफ्टी 0.39 प्रतिशत की उछाल के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारती एयरटेल, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इंटरग्लोब एवियशन के शेयर 1.21 प्रतिशत से लेकर 0.45 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

दूसरी ओर, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व के शेयर 2.21 प्रतिशत से लेकर 0.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे। अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,264 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,316 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 948 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 323.83 अंक की मजबूती के साथ 75,826.68 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की कारण पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक टूट कर 75,324.73 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में सुधार होता हुआ नजर आने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे सेंसेक्स 205.97 अंक की मजबूती के साथ 75,708.82 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 84.40 अंक उछल कर 23,493.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही दबाव बन जाने के कारण थोड़ी ही देर में यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 150 अंक फिसल कर लाल निशान में 23,346.60 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 91.55 अंक की बढ़त के साथ 23,500.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 938.93 अंक यानी 1.26 प्रतिशत की मजबूती के साथ 75,502.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 257.70 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,408.80 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

Related Articles

Back to top button