Blogchhattisgarh

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स : बस्तरवासियों को देखने मिलेंगे एथलेटिक्स के रोमांचक मुकाबले

30 मार्च से 2 अप्रैल तक होंगी प्रतियोगिताएं, तैयारियां अंतिम चरण में

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के तहत बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। देश में पहली बार हो रहे राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। प्रतियोगिता स्थल धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में ट्रैक, मैदान, दर्शक दीर्घा तथा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही लाइटिंग, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल एवं आवास जैसी व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए देशभर के जनजातीय खिलाड़ी बड़ी संख्या में बस्तर पहुंचेंगे। इस आयोजन में न केवल अंचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि बस्तर की सांस्कृतिक विविधता को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। बस्तर जिला प्रशासन और खेल विभाग इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। पूरी प्रतियोगिता के दौरान स्थानीय खेलप्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Related Articles

Back to top button