बुलडोजर कार्रवाई : मेडिकल कॉलेज की जमीन से हटे अवैध कब्जे, विरोध में पथराव

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर के गंगापुर क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज के लिए आवंटित जमीन से अवैध कब्जा हटाने प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान विरोध और पथराव की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान जारी रहा।
अंबिकापुर के गंगापुर इलाके में मेडिकल कॉलेज को आवंटित करीब 7 एकड़ भूमि से अतिक्रमण हटाने मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 37 मकानों को तोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।
सुबह प्रशासनिक टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। कुछ लोगों ने पथराव भी किया और बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई रोकने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई और कब्जाधारियों को हटाकर कार्रवाई जारी रखी।
कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम फागेश सिन्हा और तहसीलदार उमेश बाज कर रहे थे, वहीं एएसपी अमोलक सिंह के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन के अनुसार, इस जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा था और संबंधित 37 लोगों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे।
वर्ष 2000 से चल रहे इस मामले में हाईकोर्ट से भी कब्जाधारियों को राहत नहीं मिली, जिसके बाद प्रशासन ने अंतिम नोटिस देकर कार्रवाई शुरू की। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है और उन्हें पर्याप्त समय नहीं दिया गया।
पूर्व पार्षद बालकेश्वर तिर्की ने आरोप लगाया कि बच्चों की परीक्षाओं के बीच मकान तोड़े जा रहे हैं और प्रशासन उनकी बात नहीं सुन रहा। वहीं अंबिकापुर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि कब्जाधारियों द्वारा फर्जी वन अधिकार पत्र पेश किया गया था।
पूर्व में गंगापुर पंचायत में शामिल था। जांच में वन अधिकार पत्र में कलेक्टर, डीएफओ के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए हैं। इसमें अलग से एफआईआर दर्ज की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि सभी कब्जों को शाम तक हटा दिया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि दिनभर में सभी अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। यह कार्रवाई शहर में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है, हालांकि विरोध के चलते माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।



