एनटीपीसी कोरबा में ठेका मजदूरों का प्रदर्शन, काम बंद कर जताया विरोध

कोरबा। कोरबा स्थित एनटीपीसी प्लांट में ठेका मजदूरों का असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। आज बुधवार को बड़ी संख्या में मजदूर गेट नंबर-2 पर एकत्रित हुए और काम बंद करने का ऐलान कर दिया। मजदूरों की इस अचानक एकजुटता से एनटीपीसी प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी प्लांट में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के ठेका मजदूर अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन पर उतर आए। सुबह से ही मजदूर गेट नंबर-2 के बाहर जमा होने लगे और देखते ही देखते यह संख्या काफी बढ़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस और प्रबंधन के हस्तक्षेप के बाद कुछ मजदूरों को गेट के अंदर बुलाकर चर्चा की गई और उन्हें समझाने का प्रयास किया गया। हालांकि, बातचीत के बावजूद अधिकांश मजदूर काम पर लौटने के लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया।
मजदूरों का कहना है कि उन्हें 8 घंटे की निर्धारित ड्यूटी के बाद अतिरिक्त कार्य के लिए ओवरटाइम (ओटी) का भुगतान किया जाए। साथ ही, केंद्र सरकार द्वारा तय मानदेय के अनुसार वेतन सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही है।
इसके अलावा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी मजदूरों में असंतोष है। हालांकि, कई श्रमिक खुलकर कैमरे के सामने अपनी बात रखने से बचते नजर आए। एनटीपीसी कोरबा में शुरू हुए इस आंदोलन ने प्रबंधन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
उत्पादन और संचालन पर इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल प्रशासन और प्रबंधन की ओर से स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन मजदूरों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



