chhattisgarh

धमतरी के शीतला तालाब में हजारों मछलियों की मौत, सफाई में जुटी निगम टीम

धमतरी। धमतरी। महिमा सागर वार्ड स्थित शीतला तालाब में मंगलवार काे उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने तालाब में बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देखीं। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और हजारों मछलियों की मौत से आसपास के इलाके में तेज बदबू फैलने लगी, जिससे वार्डवासी दिनभर परेशान रहे। वहीं बुधवार सुबह से निगम की टीम सफाई कार्य में जुट गई है।

प्राथमिक तौर पर मछलियों की मौत का कारण तालाब में ऑक्सीजन की कमी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ती जा रही है, जिससे इस तरह की स्थिति निर्मित हुई।

वार्ड के जग्गू साहू, कीर्तन साहू और प्रेमलाल ने बताया कि सुबह तालाब के पास पहुंचे तो बड़ी संख्या में मरी मछलियां दिखाई दीं, जिनसे दुर्गंध फैल रही थी। वहीं समय लाल देवांगन और पंकज देवांगन ने कहा कि यदि तालाबों की समय-समय पर सफाई होती, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सड़ी-गली मछलियों को निकालकर नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की। साथ ही नगर निगम की टीम भी सफाई कार्य में जुट गई है।

वार्ड पार्षद व निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी करते रहे। गौरतलब है कि धमतरी शहर के 40 वार्डों में 20 से अधिक तालाब हैं, जिनमें से अधिकांश में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नियमित साफ-सफाई के अभाव में तालाबों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। वार्डवासियों ने नगर निगम से तालाबों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Related Articles

Back to top button