chhattisgarh

अवैध नल कनेक्शन पर निगम सख्त: 10 दिन में कराएं वैध, नहीं तो होगी कार्रवाई

धमतरी। शहर में जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिक निगम ने अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। निगम प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि जिन उपभोक्ताओं के पास अवैध कनेक्शन हैं, वे आगामी 10 दिनों के भीतर उन्हें वैध करा लें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

निगम के जल विभाग के माध्यम से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत उपभोक्ताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क कर अपने कनेक्शन नियमित कराने होंगे। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और सभी नागरिकों को समान सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।

निगम आयुक्त ने मंगलवार को पर्यावरण ने राजस्व विभाग की बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शहर में अवैध कनेक्शनों की जांच कर सूची तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा के बाद भी कनेक्शन वैध नहीं कराने वालों पर जुर्माना, कनेक्शन काटने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त प्रिया गोयल ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत टैक्स वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन का मानना है कि समय पर टैक्स भुगतान से शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।

इधर, नगर निगम ने टैक्स वसूली अभियान को भी रफ्तार दे दी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बकाया कर के साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 का टैक्स समय पर जमा करें।

खास बात यह है कि 30 अप्रैल तक भुगतान करने पर किसी भी प्रकार का अधिभार (पेनल्टी) नहीं लिया जाएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।

नगर निगम ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे नियमों का पालन करें, अवैध नल कनेक्शन को जल्द वैध कराएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर टैक्स का भुगतान कर शहर के विकास में भागीदार बनें।

Related Articles

Back to top button