chhattisgarh

बारात में खूनी बवाल, बाइक निकालने के विवाद में तीन के सिर फूटे, एफआईआर दर्ज

कोरबा-कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक बारात के दौरान अचानक हिंसक झड़प हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बारात में शामिल कुछ युवकों ने लाठी-डंडों के साथ-साथ ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आज बुधवार सुबह पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अग्रसेन भवन से बारात निकली थी और जय स्तम्भ चौक के पास नरेंद्र ज्वेलर्स के सामने ट्रैफिक जाम लग गया।

इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे बारात के बीच से बाइक निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और बारात में शामिल युवकों ने दाऊद अली और दानिश अली पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर सड़क किनारे पड़े ईंट-पत्थरों से वार करना शुरू कर दिया। इस हमले में दोनों भाइयों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और दोनों को करीब 8-8 टांके लगाने पड़े।

घटना के दौरान वहां से गुजर रहे ट्रक चालक पिंटू गुप्ता (निवासी चिरी, मध्य प्रदेश) को भी नहीं बख्शा गया। बारातियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसका सिर फट गया। अचानक हुई इस हिंसा से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कटघोरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित अमित मित्तल, नितेश मित्तल सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button