chhattisgarh

CG बोर्ड का रिजल्ट जारी: 10वीं में संध्या, पारिरानी और अंशुल तो 12वीं में जिज्ञासु वर्मा बने टॉपर

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं बोर्ड 2026 के नतीजे घोषित कर दिए हैं। 10वीं में 77.15% और 12वीं में 83.04% छात्र पास हुए।

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिजल्ट जारी किया। इस साल 10वीं में 77.15 प्रतिशत और 12वीं में 83.04 प्रतिशत छात्र सफल हुए हैं। 10वीं में इस बार तीन विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। जबकि, 12वीं में बलौदाबाजार के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने प्रदेश में टॉप किया है।

इस साल 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 5.66 लाख छात्र छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें 10वीं के 3,20,535 और 12वीं के 2,45,785 परीक्षार्थी शामिल थे। 10वीं की मेरिट लिस्ट में कुल 42 छात्र-छात्राओं ने जगह बनाई है। जबकि, 12वीं की टॉप-10 सूची में 43 विद्यार्थियों के नाम शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:गुरुग्राम के 10 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कर जांच में जुटी पुलिस

10वीं बोर्ड परीक्षा में महासमुंद जिले की दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। एकलव्य इंग्लिश मीडियम स्कूल की संध्या नायक, एकलव्य स्कूल की पारीरानी प्रधान और अंशुल शर्मा ने 594 अंक (99 प्रतिशत) हासिल कर प्रदेश में टॉप किया। संध्या किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने भविष्य में डिप्टी कलेक्टर बनने की इच्छा जताई है। वहीं, अंशुल शर्मा ने 11वीं में मैथ्स विषय लेकर जेईई की तैयारी करने की बात कही। राज्य सरकार ने 10वीं टॉपर्स को 1.5 लाख रुपए देने की घोषणा की है।

10वीं की टॉप-10 सूची में रिया केसरवानी, रानू सिद्धिमो, रेनुका प्रधान, विपांशी बोइद, नंदिता देवांगन, कनुप्रिया यादव, साहिल बंजारे और आदित्य बाघ जैसे छात्रों ने भी जगह बनाई है। इन विद्यार्थियों ने 98 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

यह भी पढ़ें:MP में आग उगल रहा सूरज, कई जिलों में पारा 45 डिग्री के करीब, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी

वहीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा में बलौदाबाजार जिले के पलारी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र जिज्ञासु वर्मा ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिज्ञासु ने बताया कि वह आगे चलकर इंजीनियर बनना चाहते हैं। उनके पिता किराना दुकान चलाते हैं।

दूसरे स्थान पर बेमेतरा की छात्रा ओमनी वर्मा रही। उन्होंने 98.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। तीसरे स्थान पर रायगढ़ के कृष महंत रहे जिन्हें 97.80 प्रतिशत अंक मिले। 12वीं की मेरिट सूची में रायगढ़, जशपुर, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद और कांकेर समेत कई जिलों के छात्रों ने अपनी जगह बनाई है।

इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी बढ़त कायम रखी। 12वीं परीक्षा में लड़कियों का पास प्रतिशत 86.04 प्रतिशत रहा। जबकि, लड़कों का रिजल्ट 78.86 प्रतिशत दर्ज किया गया। पिछले कुछ सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो यह ट्रेंड लगातार बना हुआ है। पिछले साल 10वीं और 12वीं की टॉप-10 सूची में कुल 104 छात्र शामिल थे जिनमें 69 लड़कियां थी।

यह भी पढ़ें:गाजियाबाद के 15 मंजिला अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, 7 फ्लोर तक फैली लपटें, ढाई घंटे बाद दमकल ने पाया काबू

अगर पिछले साल के नतीजों से तुलना करें तो इस बार परिणाम में सुधार दर्ज किया गया है। साल 2025 में 10वीं का रिजल्ट 76.53 प्रतिशत और 12वीं का रिजल्ट 81.87 प्रतिशत रहा था। जबकि, इस बार दोनों कक्षाओं का परिणाम बेहतर हुआ है। शिक्षा विभाग इसे प्रदेश की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार का संकेत मान रहा है।

10वीं के टॉपर्स

संध्या नायक, पारीरानी प्रधान, अंशुल शर्मा, रिया केसरवानी, रानू सिद्धिमो साहू, रेनुका प्रधान, विपांशी बोइद, नंदिता देवांगन, कनुप्रिया यादव, साहिल बंजारे और आदित्य बाघ।

12वीं के टॉपर्स

जिज्ञासु वर्मा, ओमनी वर्मा, कृष महंत, रिया साहू, शहाना परवीन, ताहिर खान, कुशमलता विश्वकर्मा, हेमलता साहू, ओंकार केवट और आशा यादव।

Related Articles

Back to top button