chhattisgarh

सुशासन तिहार 2026: सुखंती मझवार को शिविर में तत्काल मिला राशन कार्ड, बच्चों के लिए खाद्यान्न की चिंता हुई दूर

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर आयोजित सुशासन तिहार 2026 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। राज्यभर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों में लोगों की मांगों का न केवल पंजीयन किया जा रहा है, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड के ग्राम परपटिया में आयोजित शिविर ने एक जरूरतमंद परिवार की वर्षों पुरानी चिंता दूर कर दी।

मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थीं सुखंती

ग्राम परपटिया निवासी श्रीमती सुखंती मझवार तीन छोटे बच्चों की मां हैं। परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा मजदूरी है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उनके पास राशन कार्ड नहीं था, जिससे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले सस्ते खाद्यान्न और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना उनके लिए कठिन था।

शिविर में हाथों-हाथ बना राशन कार्ड

सुशासन तिहार के तहत आयोजित शिविर में सुखंती मझवार ने अपनी समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए पात्रता की जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर मौके पर ही उनका राशन कार्ड जारी कर दिया। राशन कार्ड प्राप्त होते ही सुखंती के चेहरे पर खुशी झलक उठी।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

श्रीमती सुखंती मझवार ने भावुक होकर कहा कि राशन कार्ड नहीं होने से बच्चों के लिए दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो जाता था। अब राशन कार्ड मिलने से परिवार को नियमित रूप से सस्ती दर पर खाद्यान्न उपलब्ध होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सुशासन तिहार से गांव में ही मिल रहा समाधान

सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर से राहत दिलाना है। शिविरों में राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राजस्व प्रकरण सहित विभिन्न समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। सुखंती मझवार जैसी अनेक हितग्राहियों के लिए सुशासन तिहार उम्मीद, राहत और विश्वास का माध्यम बनकर सामने आया है।

Related Articles

Back to top button