सुशासन तिहार में दिव्यांगों और वृद्धजनों को मिली राहत सुशासन तिहार में दिव्यांगों और वृद्धजनों को मिली राहत

सहायक उपकरण से लौटी आत्मनिर्भरता
रायगढ़ जिले में सुशासन तिहार 2026 केवल जनसमस्याओं के समाधान का माध्यम नहीं बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का आधार भी साबित हो रहा है। धरमजयगढ़ विकासखंड के दूरस्थ कापू में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग की त्वरित पहल से दिव्यांगजनों और वृद्धजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
शिविर में कापू निवासी सुरेश यादव को आवागमन में कठिनाई को देखते हुए ट्रायसाइकिल प्रदान की गई, जिससे वे अब दैनिक कार्यों के लिए आत्मनिर्भर हो गए हैं। वहीं एक दृष्टिबाधित महिला को ब्लाइंड स्टिक दी गई, जिससे उनका आवागमन सुरक्षित और सुगम हुआ। इसी प्रकार अघनमती, रतनराम, रामसाय और बोदोबाई तिर्की सहित कई वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक उपलब्ध कराई गई। इन उपकरणों के मिलने से लाभार्थियों के जीवन में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ी है। समाज कल्याण विभाग ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों का सत्यापन किया और उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। विभाग द्वारा ट्रायसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, ब्लाइंड स्टिक और पेंशन स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्राथमिक लक्ष्य है।



