Sports

एशियाई खेल 2026: राइफल थ्री पोजीशन व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को पदक नहीं

ऐश्वर्य पांचवें और नीरज आठवें स्थान पर रहे। ऐश्वर्य ने फाइनल में 327.6 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि नीरज 299 अंक के साथ आठवें और अंतिम स्थान पर रहे।

चीन के लियू युकुन ने 360.5 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनके हमवतन झांग चांगहोंग 360.2 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे और कजाकिस्तान के इस्लाम सतपायेव ने 348.3 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

इससे पहले पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार की भारतीय टीम ने रजत पदक जीता था।

भारत ने 1762-94x का स्कोर किया, जबकि चीन ने 1766-95x के साथ स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने 1751-87x के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

2022 एशियाई खेलों में इस स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाला भारत इस बार अपना खिताब बरकरार नहीं रख सका।

टीम स्पर्धा के क्वालिफिकेशन में ऐश्वर्य 589-34x के साथ तीसरे और नीरज 588-34x के साथ चौथे स्थान पर रहे थे, जबकि रुद्रांक्ष 585-26x के साथ नौवें स्थान पर रहने के कारण व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके थे।

इससे पहले सुरूचि सिंह और कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था।

भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल करते हुए दक्षिण कोरिया को पीछे छोड़ा। दक्षिण कोरिया ने 478.0 अंक के साथ रजत और ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

सुरूचि और कमलजीत ने इस दौरान एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया। उनका 484.6 अंक का स्कोर उज्बेकिस्तान के 481.3 अंक के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर रहा।

भारत के एशियाई खेलों में अब तक 19 पदक हैं, जिनमें दो स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं। भारत के दोनों स्वर्ण पदकों में एक महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर हासिल किया था।

Related Articles

Back to top button