chhattisgarh

नहाते समय 4 लड़कियों के वीडियो बनाए, दोस्तों को भेजे; 2 गिरफ्तार

मोबाइल चेक करने पर खुला राज, नाबालिग ने चोरी-छिपे रिकॉर्ड किए थे वीडियो; पुलिस ने 3 फोन जब्त किए

रायपुर। राजधानी में नहाते समय चार लड़कियों के चोरी-छिपे वीडियो बनाने और उन्हें दोस्तों को भेजने का मामला सामने आया है। एक पीड़िता को शक होने पर मोबाइल चेक करने से इसका खुलासा हुआ। शिकायत के बाद गोल बाजार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो बनाने के आरोपी नाबालिग के खिलाफ भी किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है।

मामला गोल बाजार थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, एक पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसे शक होने पर उसने लक्की तंगील का मोबाइल चेक किया। इस दौरान उसे अपने साथ-साथ मोहल्ले की तीन अन्य लड़कियों के नहाते समय के वीडियो मिले। जांच में सामने आया कि ये वीडियो एक नाबालिग ने चोरी-छिपे बनाए थे। बाद में उसने इन्हें अपने दो दोस्तों कृष्णा लंगोटे और लक्की तंगील को भेज दिया था।

बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 77 और आईटी एक्ट की धारा 66E के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने नाबालिग और उसके दोनों दोस्तों की पहचान कर उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त किए। इन मोबाइलों की जांच के आधार पर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए गए।

दोनों युवकों पर कार्रवाई

पुलिस ने कृष्णा लंगोटे (19) और लक्की तंगील (21), निवासी शास्त्री मार्केट क्षेत्र, रायपुर को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। वहीं, वीडियो बनाने के आरोपी नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

Related Articles

Back to top button