Sports

सूर्यकुमार यादव ने मचाया तहलका फिर ठोका 29 गेंदों में 82 रन

सूर्यकुमार यादव :T20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित कर चुके सूर्यकुमार यादव एक बार फिर उसी अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं, जिसने उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल किया था। भारतीय टीम से बाहर चल रहे कप्तान सूर्यकुमार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में लगातार दूसरी विस्फोटक पारी खेलकर सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा है। हैदराबाद के खिलाफ 21 गेंदों में 60 रन बनाने के बाद उन्होंने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर खबर ली और महज 29 गेंदों पर 82 रन ठोक दिए। उन्होंने ने सिर्फ 16 गेंदों पर बाउंड्री के जरिए 78 रन बना दिए। उनकी इस पारी ने साफ कर दिया है कि वह टीम इंडिया में वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।

गुजरात के गेंदबाजों की जमकर हुई धुनाई
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में मुंबई की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार ने 16 नवंबर को गुजरात के खिलाफ मुकाबले में मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए। उन्होंने अपनी 29 गेंदों की पारी में सात छक्के और 9 चौके जड़े। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मुंबई ने 198 रन का लक्ष्य महज 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। इससे पहले गुजरात ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 197 रन बनाए थे। टीम के लिए आशुतोष शर्मा ने 22 गेंदों पर 42 रन और विशाल जायसवाल ने 21 गेंदों पर 38 रन की तेज पारियां खेलीं। मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर और अथर्व अंकोलेकर ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

2 मैचों में 142 रन जड़े
सूर्यकुमार यादव के लिए यह टूर्नामेंट अब तक शानदार रहा है। उन्होंने 14 नवंबर को हैदराबाद के खिलाफ पहले मुकाबले में महज 21 गेंदों पर 60 रन बनाए थे। अब गुजरात के खिलाफ 82 रन की पारी खेलकर उन्होंने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ दिया है। दोनों मैचों में सूर्यकुमार ने कुल 50 गेंदों का सामना करते हुए 142 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 15 चौके और 12 छक्के निकले हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी मुंबई इंडियंस के लिए भी अच्छी खबर है, क्योंकि IPL से पहले उनका फॉर्म में लौटना टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।

गौरतलब है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव को न केवल कप्तानी बल्कि टीम से भी बाहर होना पड़ा था। ऐसे में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी उनके लिए खुद को फिर साबित करने का बड़ा मंच है। शुरुआती दो मुकाबलों में उनके प्रदर्शन ने सिलेक्टर्स के सामने मजबूत दावा पेश किया है।

Related Articles

Back to top button