chhattisgarh

धान खरीदी शुरू होते ही अवैध कारोबार सक्रिय, चिल्फी में ट्रक समेत 300 क्विंटल धान जब्त

कवर्धा। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध परिवहन और धान खपाने का खेल भी शुरू हो गया है। कबीरधाम जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी में 300 क्विंटल अवैध धान से भरा ट्रक जब्त किया है।

खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जांच के बाद धान और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई से अवैध धान कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

जिला खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने चिल्फी में जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक ट्रक में बड़ी मात्रा में धान का परिवहन होते मिला।

अधिकारियों ने परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। आवश्यक जांच के बाद 300 क्विंटल धान और ट्रक जब्त कर लिया गया।

कोचियों और बिचौलियों पर प्रशासन की नजर

समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने के साथ ही दूसरे राज्यों और अन्य स्रोतों से धान लाकर सरकारी खरीदी केंद्रों में खपाने की आशंका बढ़ जाती है। इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है।

खासतौर पर सीमावर्ती इलाकों, प्रमुख मार्गों और धान परिवहन के रास्तों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की नजर उन बिचौलियों और कोचियों पर भी है, जो अवैध तरीके से धान का कारोबार करते हैं।

गड़बड़ी मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध परिवहन, भंडारण और धान खपाने में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

अधिकारियों का कहना है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए निगरानी और जांच अभियान आगे भी चलाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button