स्वच्छता सर्वेक्षण की गलती से मिला पुरस्कार, नगरीय प्रशासन मंत्री को राष्ट्रपति जी को सच्चाई बतानी थी : मोहम्मद अकबर

रायपुर! छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को मिले राष्ट्रीय पुरस्कार पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पुरस्कार और सम्मान का विषय है, लेकिन स्वच्छता की असली कसौटी रायपुर शहर की सड़कें और गलियां हैं। रायपुर को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के हाथों सम्मानित होना गौरव की बात है, लेकिन शहर की वर्तमान स्वच्छता व्यवस्था इस सम्मान के अनुरूप नहीं है।
श्री अकबर ने कहा कि नगरीय प्रशासन मंत्री को पुरस्कार ग्रहण करने से पहले महामहिम राष्ट्रपति जी को यह बताना चाहिए था कि रायपुर को मिला यह सम्मान सर्वेक्षण में हुई गलती का परिणाम है। सर्वेक्षण के नतीजों और शहर की वास्तविक स्वच्छता व्यवस्था में स्पष्ट अंतर है। मंत्री को इस तथ्य से अवगत कराना चाहिए था, न कि सर्वेक्षण के परिणामों को शहर की वास्तविक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए था।
विडियो:
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण करने वाली एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। सर्वेक्षण में ऐसी त्रुटि कैसे हुई, जिसके कारण शहर की वास्तविक स्थिति और सर्वेक्षण के परिणामों में इतना अंतर दिखाई दे रहा है? उन्होंने सर्वेक्षण करने वाली एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उसकी जवाबदेही तय करने की मांग की।
श्री अकबर ने नगरीय प्रशासन मंत्री से कहा कि अब पुरस्कार के अनुरूप रायपुर को वास्तव में स्वच्छ बनाने के लिए युद्ध स्तर पर अभियान चलाया जाना चाहिए। शहर की सफाई व्यवस्था को केवल सर्वेक्षण और कागजी दावों तक सीमित रखने के बजाय धरातल पर दुरुस्त करने की जरूरत है।
उन्होंने सफाई व्यवस्था के लिए विधानसभा वार टेंडर प्रक्रिया अपनाने के निर्णय पर भी पुनर्विचार करने की मांग की। श्री अकबर ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में पार्षद जनता के बीच मौजूद रहते हैं और स्थानीय समस्याओं से बेहतर परिचित होते हैं। इसलिए सफाई व्यवस्था को वार्ड स्तर पर अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने में पार्षदों की भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए।
श्री अकबर ने कहा कि रायपुर को स्वच्छता का पुरस्कार मिलना तभी सार्थक होगा, जब शहर की सड़कें, गलियां और मोहल्ले वास्तव में स्वच्छ दिखाई देंगे।



