chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में कल से बदलेगा मौसम, 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट: 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बिजली गिरने की भी आशंका

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ में भी दिखने लगा है। प्रदेश में 20 और 21 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 20 नवंबर को बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर में भारी बारिश की आशंका है। 21 नवंबर को भी इन जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कांकेर में 21 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा गरियाबंद और धमतरी में 20 नवंबर तथा बालोद और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 21 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

आज मौसम रहेगा सामान्य

गुरुवार को प्रदेश में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर बना हुआ है। बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री और अंबिकापुर में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

तूफान पर मौसम विभाग की नजर

चक्रवाती तूफान अकवान बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। इसके प्रभाव से मध्य भारत के मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रहने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button