बुमराह की इस तीसरी जादुई गेंद पर बड़ा शिकार!

वेलिंग्टन : भारत और न्यूजीलैंड के बीच में वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और उसे पूरी तरह से सही साबित होने में भी देर नहीं लगी। भारतीय टीम की प्लेइंग में लंबे समय के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने पारी के पहले ही ओवर में अपना कमाल दिखाया और कीवी कप्तान टॉम लैथम को शानदार इनस्विंग गेंद पर बोल्ड कर दिया, जिसके बाद लैथम थोड़ी देर के लिए हैरान रह गए और डक पर ही पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड की टीम को उनकी पहली पारी में पहला झटका सिर्फ 2 के स्कोर पर ही लग गया।
लैथम को गेंद छोड़ना पड़ गया भारी
जसप्रीत बुमराह जिनको पारी का पहला ओवर फेंकने की जिम्मेदारी सौंपी गई उनकी तीसरी गेंद जो फुल लेंथ थी, उसको कीवी कप्तान टॉम लैथम ने छोड़ने का फैसला लिया और उनको यही भारी पड़ गया। टॉम लैथम ने एक गेंद को यह सोचकर छोड़ दिया कि वह बाहर की तरफ जाएगी, लेकिन गेंद अंदर की ओर आई और ऑफ-स्टंप से जा टकराई। बुमराह ने गेंद को फुल लेंथ पर, चौथे स्टंप की लाइन के आसपास रखा था और फिर वह अंदर की तरफ आ गई। स्टंप्स के उखड़ने की आवाज सुनते ही लैथम वापस पवेलियन की ओर चल पड़े। गेंद की सीम एकदम सीधी थी और फिर वह अंदर की तरफ मुड़ गई जिसमें सीधे ऑफ स्टंप पर जाकर लगी।
बुमराह लंबे समय के बाद टेस्ट में कर रहे हैं वापसी
टेस्ट क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह ने अपना पिछला मुकाबला साल 2025 के आखिर में नवंबर के महीने में खेला था, जिसके बाद अब वह वापसी कर रहे हैं। पिछले कुछ महीनों में बुमराह फिटनेस की समस्या से जूझते हुए दिखाई दिए थे, जिसके कारण वह श्रीलंका के दौरे पर भी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में नहीं खेल सके थे। ऐसे में अब पूरी तरह से फिट होकर वापसी करने का साथ उनके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है, जिसमें उन्होंने शुरुआत काफी शानदार की है।



