PRA ग्रुप के ठिकानों पर तीसरे दिन भी IT की जांच, 14 करोड़ कैश और 20 करोड़ की ज्वेलरी मिलने का दावा

120 अधिकारियों की टीम 50 ठिकानों पर खंगाल रही दस्तावेज; 25 बैंक लॉकर खुलवाए, डिजिटल लेन-देन के रिकॉर्ड भी मिले
रायपुर। रायपुर में PRA ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी है। अब तक की जांच में करीब 14 करोड़ रुपए नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण मिलने की जानकारी सामने आई है।
शुक्रवार को रायपुर में ग्रुप से जुड़े करीब 25 बैंक लॉकर खुलवाए गए। इनमें मिली ज्वेलरी की कीमत लगभग 20 करोड़ रुपए बताई जा रही है। विभाग को लेन-देन से जुड़े डिजिटल प्रमाण भी मिले हैं। हालांकि, अघोषित आय और संभावित टैक्स चोरी का वास्तविक आंकड़ा दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
120 अफसरों की टीम जांच में जुटी
आयकर विभाग के करीब 120 अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। कार्रवाई छत्तीसगढ़ के छह जिलों के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई और नागपुर तथा झारखंड के रांची और जमशेदपुर में भी की जा रही है। कुल मिलाकर PRA ग्रुप से जुड़े करीब 50 ठिकानों पर जांच चल रही है।
अंबिकापुर में कारोबारी के घर भी दबिश
इससे पहले 18 नवंबर को आयकर विभाग की टीम ने अंबिकापुर में PRA ग्रुप के मालिक रमेशचंद्र अग्रवाल के एमजी रोड स्थित निवास पर दबिश दी थी। सड़क निर्माण के कारोबार से जुड़े अग्रवाल के घर पर एक दर्जन से अधिक टीमों के पहुंचने की जानकारी सामने आई थी।
सूरजपुर में ऑफिस और राइस मिल की जांच
सूरजपुर में भी आयकर विभाग ने दो स्थानों पर कार्रवाई की थी। इनमें PRA ग्रुप का कार्यालय और साकेत प्रोडक्ट्स एंड रोलिंग मिल की राइस मिल शामिल है। यहां दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल की गई।
फिलहाल विभाग की जांच जारी है। कार्रवाई में मिले नकद, आभूषण और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर वित्तीय लेन-देन की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।



