BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप में चमका नया गैजेट

नई दिल्ली। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पुसर्ला वेंकट (पीवी) सिंधु ने नई दिल्ली में आयोजित बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। मैच के दौरान पीवी सिंधु के खेल के साथ-साथ उनके माथे पर लगा एक अनोखा गैजेट भी चर्चा का केंद्र बन गया। ‘Temple’ नाम का यह बायोमार्कर डिवाइस जोमैटो के फाउंडर दीपेंद्र गोयल का एक नया हेल्थ प्रोडक्ट है, जो खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को लाइव ट्रैक करता है।
तेज मूवमेंट और पसीने में भी माथे पर टिका रहता है गैजेट
मैच के दौरान कोर्ट पर खिलाड़ियों के तेज मूवमेंट, कूद-फांद और पसीने के बावजूद यह गैजेट माथे पर मजबूती से चिपका रहता है। दीपेंद्र गोयल इसे कई मौकों पर टीज कर चुके हैं और हाल ही में इसके 100 लिमिटेड एडिशन भी पेश किए गए थे। यह एक वियरेबल फिटनेस डिवाइस है, जिसे माथे पर पहनकर एथलीट्स अपनी परफॉर्मेंस और हेल्थ को लाइव ट्रैक कर सकते हैं।
हार्ट रेट और स्टेप्स से आगे, मानसिक स्वास्थ्य भी करता है ट्रैक
Temple केवल सामान्य फिटनेस बैंड्स की तरह स्टेप्स या हार्ट रेट काउंट करने तक सीमित नहीं है। दीपेंद्र गोयल की ओर से शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, यह गैजेट शारीरिक के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) पर भी फोकस करता है। इसमें एक विशेष बायोमार्कर का इस्तेमाल किया गया है, जिसे सिर्फ माथे वाले हिस्से के जरिए पढ़ा जा सकता है। यह शरीर और दिमाग की स्थिति को मापकर सीधे स्क्रीन पर नंबर में दिखाता है।
1 से 250 के इंडेक्स पर दिखाता है लाइव परफॉर्मेंस और फ्लो
यह डिवाइस हर सेकेंड में डेटा को अपडेट करता है और 1 से 250 के इंडेक्स पर काम करता है। इसमें ‘1’ का मतलब सबसे गहरे आराम (डीप रेस्ट) की स्थिति है, जिसे कंपनी ने रिकॉर्ड किया है। वहीं ‘250’ एलीट एथलीट्स के प्रदर्शन, एकाग्रता और फ्लो का उच्चतम स्तर (हाई लेवल) दिखाता है। इसके साथ ही यह गैजेट दिमाग में ब्लड फ्लो (रक्त प्रवाह) के स्तर को भी सटीकता से मापता है।



