National

Gurugram Hit and Run: आरोपी कल्याण बैंसला गिरफ्तार,

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया है। हादसे का वीडियो महिला की बाइक में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद केस में हत्या के प्रयास की धारा 109 BNS भी जोड़ दी गई।

वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुआ था केस

गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद थाना सेक्टर-56 में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की।

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर केस में BNS की धारा 109 जोड़ी गई। पुलिस ने इसके बाद आरोपी की पहचान की और उसे राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया।

सिया ने कार सवारों पर लगाए गंभीर आरोप

महिला बाइक राइडर सिया के मुताबिक, वह रविवार सुबह अपनी अप्रिलिया आरएस 457 बाइक से कुछ अन्य बाइक सवारों के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर जा रही थीं। इसी दौरान एक कार उनके पीछे आ गई।

सिया का आरोप है कि कार में सवार लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और कुछ दूरी तक उनका पीछा किया। उन्होंने बताया कि वह तीसरी लेन में सामान्य गति से बाइक चला रही थीं। सड़क पर ट्रैफिक होने के कारण रफ्तार भी कम थी।

तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी टक्कर

सिया के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से आई कार तेज रफ्तार में तीसरी लेन में पहुंची और उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर गईं और कई मीटर तक घिसटती चली गईं।

पूरी घटना बाइक में लगे फ्रंट कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हादसे के बाद सिया ने घटना का वीडियो और कार से जुड़ी जानकारी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

कार रोकने की कोशिश का भी दावा

सिया के मुताबिक, हादसे के बाद उनके साथ मौजूद एक बाइक सवार ने कार चालक को रोकने की कोशिश की। उसने चालक से रुकने और अपनी गलती स्वीकार करने को कहा।

सिया का आरोप है कि कार चालक ने रुकने के बजाय बाइक सवारों को ही घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया।

लाल बत्ती तोड़कर भागने का आरोप

सिया का आरोप है कि कार चालक मौके पर नहीं रुका और लाल बत्ती पार कर फरार हो गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि कार में सवार लोग नशे में प्रतीत हो रहे थे। हादसे में सिया को मामूली चोटें आईं।

पुलिस पीड़िता के घर भी पहुंची

गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी कल्याण को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है।

एक्सीडेंट मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस पीड़ित महिला के कालकाजी स्थित घर भी पहुंची थी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि कानून से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button