chhattisgarh

रक्षाबंधन से पहले मिली महतारी वंदन की किस्त, कुसुम के चेहरे पर आई मुस्कान

सरगुजा। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन इस बार सरगुजा की महिलाओं के लिए आर्थिक संबल और खुशियों का संदेश लेकर आया।

महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त त्योहार से पहले मिलने से महिलाओं को राखी, मिठाई और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी में सहूलियत मिली। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पुहपुटरा की कुसुम शुक्ला के लिए भी समय पर मिली राशि ने रक्षाबंधन की खुशियां बढ़ा दीं।

कुसुम शुक्ला ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी है।

इस बार रक्षाबंधन से पहले किस्त की राशि मिलने से उन्होंने भाइयों के लिए राखी और मिठाई खरीदने की तैयारी कर ली। समय पर राशि मिलने से त्योहार की खरीदारी आसान हुई और परिवार के साथ पर्व मनाने का उत्साह भी बढ़ा।

कुसुम का कहना है कि योजना की राशि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि इससे महिलाएं अपनी जरूरत और पसंद के मुताबिक खर्च कर पाती हैं। त्योहार जैसे अवसरों पर परिवार की खुशियों में अपना योगदान देने का आत्मविश्वास भी मिलता है।

उन्होंने कहा, “महतारी वंदन की राशि रक्षाबंधन से पहले मिलने से मैं बहुत खुश हूं। इस राशि से राखी और मिठाई खरीदकर भाइयों के साथ खुशी से रक्षाबंधन मनाऊंगी। विष्णु भैया को हमारी तरफ से बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।”

महिलाओं के आर्थिक आत्मविश्वास को मिला बल

कुसुम के मुताबिक, नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं घरेलू जरूरतों के साथ त्योहार और पारिवारिक आयोजनों में भी अपनी पसंद के अनुसार खर्च कर पा रही हैं। इससे उनके आर्थिक आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि रक्षाबंधन से पहले राशि मिलना बहनों के लिए खुशी की बात है। उनके लिए इस बार राखी का त्योहार भाई के प्रति स्नेह के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता और भरोसे का संदेश भी लेकर आया है।

महतारी वंदन योजना की नियमित सहायता से महिलाओं को आर्थिक सहारा मिलने के साथ अपने फैसलों में भागीदारी और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। कुसुम शुक्ला की कहानी इसी बदलाव की एक तस्वीर पेश करती है।

Related Articles

Back to top button