‘गजनी’ के खलनायक और ‘महाभारत’ के अश्वत्थामा प्रदीप रावत का निधन

मुंबई । साउथ और बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का 4 अगस्त को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की। इस खबर के सामने आते ही फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
अभिनेता यशपाल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “प्रदीप रावत, हमारे गजनी… ‘लगान’ के देवा को विनम्र श्रद्धांजलि।” बता दें कि फिल्म लगान में प्रदीप रावत ने देवा सिंह सोढी का यादगार किरदार निभाया था।
‘महाभारत’ से मिली थी घर-घर में पहचान
मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक महाभारत से की थी। इसमें उन्होंने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। अभिनय की दुनिया में आने से पहले उन्हें कई बार संघर्ष और रिजेक्शन का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी प्रभावशाली व्यक्तित्व ने उन्हें बड़े अवसर दिलाए।
इन फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
प्रदीप रावत ने अग्निपथ, कोयला, मेजर साहब, सरफरोश, बागी और लगान जैसी कई चर्चित फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाईं। हालांकि उन्हें अधिकतर फिल्मों में सहायक या खलनायक के किरदार मिले, लेकिन अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस से उन्होंने अलग पहचान बनाई।
‘गजनी’ ने दिलाई नई पहचान
आमिर खान अभिनीत सुपरहिट फिल्म गजनी प्रदीप रावत के करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हुई। फिल्म में उनके निभाए गए खतरनाक विलेन के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा। आज भी गजनी का नाम आमिर खान के साथ-साथ प्रदीप रावत की दमदार और डरावनी परफॉर्मेंस के लिए याद किया जाता है।
प्रदीप रावत के निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसने छोटे से लेकर बड़े पर्दे तक अपने अभिनय से गहरी छाप छोड़ी।



