छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल की अब विदेशों में होगी ब्रांडिंग, स्पेन के बार्सिलोना में बनी बड़ी योजना

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसी खास किस्मों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने स्पेन के बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़ी संस्था के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर चर्चा
स्पेन के बार्सिलोना में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक की। इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव भी मौजूद रहे। भारत की ओर से काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया की अधिकारी आर्स निसार ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जीराफूल और नगरी दुबराज को मिलेगी वैश्विक पहचान
बैठक में छत्तीसगढ़ के जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक सुगंधित चावलों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने पर जोर दिया गया। फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय कर इन उत्पादों को वैश्विक व्यापार मंचों तक पहुंचाने में सहयोग की बात कही।
गौरतलब है कि जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) प्राप्त है। अपनी खास खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण ये चावल प्रदेश की कृषि विरासत की पहचान हैं।
किसानों और FPO को मिल सकते हैं नए अवसर
इस पहल से छत्तीसगढ़ के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिल सकता है। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में भागीदारी से प्रदेश के उत्पादों की मांग बढ़ाने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इससे किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिल सकता है। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण और इनके उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने की संभावना भी है।
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। प्रदेश की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक राज्य के निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ऐसे में स्पेन के बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में स्थापित करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की पहचान लंबे समय से धान उत्पादन के लिए रही है। अब राज्य सरकार पारंपरिक कृषि उत्पादों को आधुनिक पैकेजिंग, बेहतर गुणवत्ता मानकों और अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग के जरिए वैश्विक ब्रांड बनाने की दिशा में काम कर रही है।
यदि यह पहल जमीन पर सफल होती है तो प्रदेश के सुगंधित चावल को विदेशों में नए खरीदार मिल सकते हैं। इससे न केवल कृषि निर्यात को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों की आमदनी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।



