chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में 8.85 लाख करोड़ के 309 निवेश प्रस्ताव: 3271 नए उद्योग स्थापित, 54 हजार लोगों को मिला रोजगार; 24 जिलों में शुरू हुए काम

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया- 32 इकाइयों में उत्पादन शुरू, 160 प्रोजेक्ट्स पर काम जारी; निर्यात में 12.19% की बढ़ोतरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। प्रदेश में 309 निवेश प्रस्तावों के जरिए 8.85 लाख करोड़ रुपए के निवेश की संभावना बनी है। इनसे आने वाले वर्षों में करीब 2 लाख रोजगार के अवसर सृजित हो सकते हैं। इनमें 51 प्रतिशत निवेश आधुनिक और थ्रस्ट सेक्टर में तथा 49 प्रतिशत पारंपरिक उद्योगों में प्रस्तावित है। यह जानकारी उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

मंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 3271 नए उद्योग स्थापित हुए हैं। इनके जरिए 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। 160 से ज्यादा उद्योगों का निर्माण जारी है, जबकि 32 इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। निवेश से जुड़े काम प्रदेश के 24 जिलों में शुरू हुए हैं।

एआई, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स में भी निवेश

मंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 और प्रशासनिक सुधारों से निवेश का माहौल बेहतर हुआ है। पहली बार प्रदेश में एआई डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ, गारमेंट और चॉकलेट निर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बनी हैं। उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने 1594 करोड़ रुपए की सब्सिडी भी वितरित की है।

210 सेवाएं ऑनलाइन, निर्यात में 12% की वृद्धि

सचिव उद्योग रजत कुमार ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों को 28 दिनों में प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में 2700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ का निर्यात 2023-24 में 16,681 करोड़ रुपए से बढ़कर 2025-26 में 18,715 करोड़ रुपए हो गया है। यह 12.19 प्रतिशत की वृद्धि है। उद्योगों के लिए 12 जिलों में 24 नए औद्योगिक क्षेत्र और पार्क भी विकसित किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button