परिवहन उड़नदस्ता ने की 160 यात्री बसों की जांच

यात्री बसों में सामान ढोने तथा नियम विरुद्ध बसों का संचालन किए जाने की शिकायतों पर परिवहन उड़नदस्ता रायपुर ने सघन जाँच अभियान चलाकर कार्रवाई की। परिवहन आयुक्त सह सचिव एस. प्रकाश एवं अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में 160 यात्री बसों से कुल ₹3,06,800 की शास्ति वसूली गई।
परिवहन उड़नदस्ता रायपुर प्रभारी चन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में अंतर्राज्यीय बस स्टैंड, भाठागांव सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर बसों की जाँच की गई। जाँच के दौरान बसों की छत पर सामान ले जाने वाले 49 स्लीपर बसों पर ₹2,64,000 की चालानी कार्रवाई की गई।अधिकारियों के अनुसार बसों की छत पर सामान ढोना नियम विरुद्ध होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर जोखिम है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।अभियान के दौरान बसों के दस्तावेज, फिटनेस एवं परमिट की वैधता की भी जाँच की गई। इसके अलावा शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने, बसों में किराया सूची चस्पा नहीं करने तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 111 वाहनों से ₹42,800 की शास्ति वसूल की गई।परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।



