रायपुर में 70 रुपए में घर बैठे बनेगा जीवन प्रमाण पत्र, डाकिया करेगा बायोमेट्रिक सत्यापन

पेंशनभोगियों को बैंक और दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति; डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने शुरू की सुविधा
रायपुर। रायपुर में पेंशनभोगियों को अब डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) बनवाने के लिए बैंक या सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) की पहल से यह सुविधा घर बैठे मिलेगी।
इसके लिए पेंशनभोगी को 70 रुपए शुल्क देना होगा। डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक घर पहुंचकर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेगा और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कराएगा।
घर पहुंचकर पूरी करेगा डाकिया प्रक्रिया
इस सुविधा के तहत पेंशनभोगी को अपने नजदीकी डाकघर, डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क करना होगा। अनुरोध मिलने पर डाकिया संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचेगा। वहां आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए पहचान सत्यापित की जाएगी।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार हो जाएगा। इससे पेंशनभोगियों को प्रमाण पत्र जमा करने के लिए अलग से कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बुजुर्गों और दिव्यांगों को सबसे ज्यादा राहत
इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और ऐसे पेंशनभोगियों को मिलेगा, जिन्हें चलने-फिरने या घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है। पहले जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बैंक या संबंधित कार्यालयों में जाना पड़ता था। कई बार बुजुर्गों को लंबी कतारों में भी इंतजार करना पड़ता था।
डाकघर या डाकिया से कर सकते हैं संपर्क
प्रवर अधीक्षक डाकघर, रायपुर संभाग की ओर से पेंशनभोगियों से समय पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की गई है।
इच्छुक पेंशनभोगी इस सेवा के लिए अपने नजदीकी डाकघर, डाकिया या ग्रामीण डाक सेवक से संपर्क कर सकते हैं। 70 रुपए शुल्क देकर घर पर ही बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराई जा सकेगी।



