chhattisgarh

वन विभाग की टीम पर हमला, TI समेत 4 घायल: 400 से ज्यादा जवानों की मौजूदगी में हटाया जा रहा था अतिक्रमण; तीन आरोपी हिरासत में

गरियाबंद। गरियाबंद में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर हमला हो गया।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के आरसीकन्हार रेंज स्थित करका जंगल में कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने टीम का विरोध करते हुए मारपीट की।

हमले में खल्लारी थाना प्रभारी (TI) टुमनलाल डडसेना, दो महिला वनरक्षक और एक सुरक्षा श्रमिक घायल हुए हैं। घटना के बाद वन विभाग ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की 400 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों वाली संयुक्त टीम महादनी नदी के उद्गम स्थल के पास करका गांव के जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी।

अभियान में महिला वनकर्मी भी शामिल थीं। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने विरोध किया और टीम के साथ बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान आगजनी की कोशिश भी की गई और पुलिस टीआई के साथ महिला वनकर्मियों पर हमला किया गया।

घायल होने वालों में थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना, वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता तथा सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती शामिल हैं। वन अमले ने मामले की शिकायत खल्लारी थाने में दर्ज कराई है।

10 साल में 22 से बढ़कर 102 हेक्टेयर हुआ कब्जा

उपनिदेशक वरुण जैन के मुताबिक, मामले में श्यामलाल (55), देवलाल नेताम (40) और योगेश कुमार (28) को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ वन अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

वन विभाग के सर्वे के अनुसार, करका क्षेत्र में 2016 में करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था। 2026 तक यह बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वे से इसका आकलन किया गया है।

विभाग का दावा है कि पिछले करीब एक दशक में क्षेत्र में लगभग 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या उन्हें नुकसान पहुंचाया गया। पेड़ों को सुखाने के लिए तनों की छाल चारों ओर से हटाने यानी गर्डलिंग के मामले भी सामने आए हैं।

Related Articles

Back to top button