होली से पहले 10 हजार करोड़ से अधिक अंतर राशि किसानों के खातों में पहुंचेगी

धमतरी । होली से पहले प्रदेश के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने धान खरीद पर अंतर की राशि (बोनस) के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रकम सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित करने का निर्णय लिया है। इसका लाभ धमतरी जिले के 1,24,423 धान उत्पादक किसानों को भी मिलेगा।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के किसानों के खातों में 43,477.20 लाख रुपये (लगभग 434.77 करोड़ रुपये) की अंतर राशि जमा की जाएगी। इस निर्णय से जिले के किसानों में उत्साह का माहौल है।
प्रदेश स्तर पर इस वर्ष 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। वहीं धमतरी जिले में 1,24,423 किसानों से 59,64,994 क्विंटल धान की खरीद हुई, जिसकी कुल राशि 1,41,437.62 लाख रुपये (लगभग 1,414.37 करोड़ रुपये) है। राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, जो देश में सर्वाधिक दरों में शामिल है।
सरकार के निर्णय के अनुसार होली से पहले अंतर की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचेगी। राशि अंतरण का शुभारंभ बिलासपुर जिले से किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे प्रदेश के विकासखंडों में इसे उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। धमतरी जिले में नई कृषि उपज मंडी श्यामतराई, कुरूद की नई कृषि उपज मंडी, मगरलोड के मधुबन धाम रांकाडीह तथा नगरी विकासखंड की कृषि उपज मंडी में कार्यक्रम आयोजित होंगे। होली के पर्व से पहले मिलने वाली इस आर्थिक सहायता को किसानों के लिए बड़ी राहत और खुशियों की सौगात माना जा रहा है।



