chhattisgarh

जग्गी हत्याकांड : हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई, सीबीआई को फाइल देने के निर्देश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड में अब अंतिम चरण की सुनवाई शुरू होने जा रही है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की स्पेशल डिवीजन बेंच ने मामले में गुरुवार को अंतिम सुनवाई तय करते हुए सीबीआई को तुरंत केस फाइल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

रामावतार जग्गी हत्याकांड मामले में आज बुधवार को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद वर्मा की विशेष डिवीजन बेंच के समक्ष सुनवाई के दौरान अमित जोगी के वकील ने केस से जुड़ी फाइल उपलब्ध नहीं होने की बात कहते हुए जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा।

इस पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए सीबीआई को तत्काल संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बचाव पक्ष को 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।

यह मामला उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद दोबारा उच्च न्यायालय में सुनवाई के लिए खोला गया है। इससे पहले उच्च न्यायालय ने 1 अप्रैल को अंतिम सुनवाई की तारीख तय की थी।

उल्लेखनीय है कि करीब दो वर्ष पूर्व उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच ने इस मामले में दोषियों की अपील खारिज करते हुए आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था।

हालांकि बाद में उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई की अपील स्वीकार करते हुए मामले को पुनः छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय भेज दिया, ताकि केस की मेरिट पर विस्तृत सुनवाई की जा सके। अब गुरुवार को होने वाली सुनवाई को इस बहुचर्चित मामले में निर्णायक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button