पेंड्रा में सर्राफा व्यापारी की हत्या, 60 लाख के जेवर लूटे

पेंड्रा में सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या और करीब 60 लाख रुपए के जेवर लूटने की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने मंगलवार शाम कोटमी साप्ताहिक बाजार में व्यापारी प्रदीप सोनी को निशाना बनाया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप सोनी बाजार में अपनी ज्वेलरी की दुकान लगाकर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और उनसे जेवरों से भरा बैग छीनने लगे। व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने अस्पताल से शव लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया और देर रात तक प्रदर्शन किया। बुधवार को भी व्यापारिक संगठनों ने शहर बंद रखा। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजनों ने दुर्गा चौक में शव रखकर फिर प्रदर्शन किया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश में बिलासपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, अनूपपुर, डिंडोरी और कोरिया समेत छह जिलों में नाकेबंदी की है। पुलिस CCTV फुटेज और मौके से मिले कारतूसों के आधार पर जांच कर रही है।
इस घटना पर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि रायपुर और बिलासपुर जैसे बड़े शहर भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस पर राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई कमजोर पड़ रही है।


