एनडीए का ‘मंगल मिलन’आज, भाजपा संसदीय दल ने जारी किया पत्र

नई दिल्ली । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ आज आयोजित की जाएगी। इसको लेकर भाजपा संसदीय दल की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। भाजपा संसदीय दल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है, “राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक, ‘मंगल-मिलन,’ 4 अगस्त को सुबह 9.30 बजे संसद भवन ग्रन्थालय के जी. एम. सी. बालायोगी सभागृह में आयोजित की जाएगी। राजग के सभी लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्यों से अनुरोध है कि कृपया समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति प्रदान करने का कष्ट करें।”
बता दें कि 21 जुलाई को ‘मंगल मिलन’ के तहत पहली बैठक आयोजित की गई थी। परंपरागत रूप से संसद के प्रत्येक सत्र के दौरान एनडीए संसदीय दल की बैठक हर मंगलवार को आयोजित होती रही है। हालांकि इस बार इसे ‘मंगल मिलन’ नाम दिया गया है। गठबंधन का कहना है कि इस नए नाम के जरिए नियमित संसदीय बैठकों को सांस्कृतिक और संगठनात्मक पहचान देने का प्रयास किया गया।
एनसीपीआई सांसद शताब्दी रॉय ने बैठक की सराहना करते हुए कहा था कि यह बेहद व्यवस्थित तरीके से आयोजित की गई थी। उन्होंने बताया कि इसमें संसद में आने वाले विधेयकों, देश के विजन और सरकार की विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।



